देश में फिर बारिश का दौर तेज, तीन सिस्टम सक्रिय; उत्तराखंड-हिमाचल में चार दिन आफत
नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित देश के 26 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार से जारी बारिश के चलते हिमकोटि में पत्थर गिरने से वैष्णो देवी यात्रा का बैटरी कार मार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा।
उत्तराखंड में मौसम की त्रिस्तरीय प्रणालियों का असर
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र, अमृतसर से गुजर रही मानसून टर्फ और उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के एक साथ प्रभावी होने से उत्तराखंड में मौसम बिगड़ा है। इन तीनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के कारण अगले चार दिनों तक राज्य में अत्यधिक तेज बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने पहाड़ी और निचले इलाकों में नदियों-नालों के उफान पर आने तथा अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। भूस्खलन के संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश में भी अगले चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों का हाल
बिहार के बक्सर, पटना, गोपालगंज और भोजपुर समेत कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं झारखंड में 70 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा मध्य प्रदेश के सतना और रीवा जिलों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, पेयजल व्यवस्था और एनडीआरएफ की टीमों के माध्यम से बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान में मानसून की सुस्ती
राजस्थान में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां सुस्त पड़ गई हैं। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और कोटा संभाग सहित अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि पूर्वी राजस्थान में हल्की बौछारें गिर सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 सितंबर से पूर्वी व उत्तरी राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

PM मोदी और जर्मन चांसलर के बीच अहम वार्ता, व्यापार से टेक्नोलॉजी तक सहयोग पर जोर
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक MP में चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
‘हनुमान अंश’ की विदेशों में भी धूम, नॉर्थ अमेरिका में रिलीज से पहले ही करीब 1 करोड़ की कमाई
खुदरा खरीद से सोने की कीमतों में तेजी, तीन दिन की गिरावट का सिलसिला टूटा
किसानों की समृद्धि को बताया राष्ट्र की ताकत, मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बड़ा बयान